आगरा
ताजगंज क्षेत्र में स्थित राम रघु एग्जॉटिका कॉलोनी में बैंक प्रबंधक सचिन उपाध्याय की हत्या मामले में पुलिस ने शुक्रवार को कलक्ट्रेट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष बृजेंद्र सिंह रावत के बेटे कृष्णा रावत को जेल भेज दिया
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में गला घोंटने से दामाद की मौत होने का खुलासा हुआ है। इस मामले में पुलिस सीसीटीवी फुटेज और काॅल डिटेल से सुराग तलाश रही है।
पुलिस को आत्महत्या की जानकारी दी गई थी। मगर, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मामला हत्या का निकला। सूचना से कई घंटे पहले प्रबंधक की मौत हो गई थी।
घटनास्थल पर सुसाइड से संबंधित कोई साक्ष्य नहीं मिला। न रस्सी मिली, न ही दरवाजा तोड़ा गया था। कॉलोनी के सीसीटीवी फुटेज देखे गए। इसमें पता चला कि नामजद आरोपी कृष्णा रावत घटना वाली रात को जीजा के घर पर मौजूद था। उसकी लोकेशन भी मिली। इस पर पूछताछ की गई। मगर, वह सही जवाब नहीं दे सका। इस पर गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।
कलक्ट्रेट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष को नामजद करने पर अधिवक्ताओं में आक्रोश है। बृहस्पतिवार को कलक्ट्रेट, तहसील में अधिवक्ताओं ने हड़ताल रखी। प्रकरण में सीबीसीआईडी से जांच की मांग की।