पुलिस ने शुक्रवार-शनिवार मध्य रात्रि खेरिया मोड़ स्थित न्यू बक्शी होटल पर छापा मारा और एक कमरे में आठ लोगों को जुआ खेलते पकड़ा। जुए की फड़ से 64 हजार रुपये बरामद किए गए। पुलिस ने कमरे से ताश की गड्डी, आठ मोबाइल फोन, छह पहचान पत्र, 64 हजार से ज्यादा नकदी जब्त की। होटल के बाहर खड़ी एक कार व स्कूटी को भी जब्त कर लिया गया।
पकड़े गए जुआरियों के नाम मुकुल गुजराल निवासी अर्जुन नगर, दिलदार खान निवासी अर्जुन नगर, गौरव लवानिया निवासी मलपुरा, शुभम उपाध्याय निवासी शाहगंज, राजेंद्र कुमार निवासी शाहगंज, पूनम कुमार निवासी शाहगंज, निरेश कुमार, अर्जुन नगर, अशोक पाल सभी निवासी अर्जुन नगर हैं।
आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि मुकुल ने उन्हें लाभ देने के लिए होटल में बुलाया था। वे पहले भी यहां जुआ खेलने के लिए आ चुके हैं। कई जुआरी पुलिस की नजर में थे। पुलिस कई दिनों से इस होटल पर नजर रखे हुई थी।
गौरतलब है कि शाहगंज क्षेत्र को जुआरियों का गढ़ माना जाता है। पिछले दो से तीन सालों में इस क्षेत्र में पुलिस ने कई घरों में छापा मार जुआरियों को पकड़ा है।